महापौर अपने-अपने शहरों के प्रथम नागरिक होने के साथ-साथ जनता की आशाओं, अपेक्षाओं और विश्वास के होते हैं प्रतिनिधि: सीएम धामी
ऋषिकेश। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज ऋषिकेश स्थित होटल नटराज में आयोजित अखिल भारतीय महापौर परिषद की 117वीं कार्यकारी समिति की बैठक में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने कुल 29.78 करोड़ रुपये की तीन विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 23.15 करोड़ रुपये की एक योजना का लोकार्पण तथा 6.63 करोड़ रुपये की दो योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
मुख्यमंत्री ने देशभर से आए महापौरों का स्वागत करते हुए कहा कि महापौर अपने-अपने शहरों के प्रथम नागरिक होने के साथ-साथ जनता की आशाओं, अपेक्षाओं और विश्वास के प्रतिनिधि भी होते हैं। उन्होंने कहा कि जहां भारत की आत्मा गांवों में बसती है, वहीं नागरिकों के सपने, आकांक्षाएं और भविष्य की संभावनाएं शहरों में आकार लेती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है और उनके नेतृत्व में राज्य में पर्यटन एवं धार्मिक यात्राओं को नई गति मिली है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष चारधाम यात्रा के पहले 45 दिनों में 30 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जो एक नया रिकॉर्ड है। वहीं आदि कैलाश में प्रतिदिन लगभग एक हजार श्रद्धालु पहुंच रहे हैं तथा मां पूर्णागिरि मंदिर में अब तक 24 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में 23 करोड़ से अधिक पर्यटक उत्तराखंड पहुंचे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में स्वच्छ भारत मिशन, स्मार्ट सिटी मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना और प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से शहरी विकास को नई दिशा मिली है। उत्तराखंड में भी ठोस कचरा प्रबंधन, सफाई व्यवस्था, स्मार्ट सिटी परियोजनाएं, अमृत मिशन और लीगेसी वेस्ट प्रबंधन जैसे कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि शहरी गरीबों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नगर निकायों में अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर स्थापित किए गए हैं। साथ ही निराश्रित गौवंशों के संरक्षण के लिए आश्रय योजना तथा श्वानों की बढ़ती संख्या पर नियंत्रण के लिए एनिमल बर्थ कंट्रोल योजना लागू की गई है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने नगर निगम ऋषिकेश क्षेत्र में 1.80 करोड़ रुपये की लागत से 10 स्थानों पर ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने तथा 4.83 करोड़ रुपये की लागत से 12 स्थानों पर वर्षा जल संचयन कार्यों का शिलान्यास किया। इसके अलावा 23.15 करोड़ रुपये की लागत से सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट योजना के तहत कम्पोस्ट प्लांट एवं सैनिटरी लैंडफिल साइट निर्माण कार्य का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य के अनुरूप उत्तराखंड को भी विकसित राज्य बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर महानगरों के निर्माण में सौर ऊर्जा, कूड़ा प्रबंधन, रेन वाटर हार्वेस्टिंग तथा स्थानीय उद्योगों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक प्रेमचंद्र अग्रवाल, विभिन्न नगर निगमों के महापौर एवं देशभर से आए जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से Pushkar Singh Dhami, Narendra Modi, Subodh Uniyal, Prem Chand Aggarwal और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद





