देहरादून: उत्तराखंड के विभिन्न मुद्दों को लेकर लोक भवन घेराव करने जा रहे कांग्रेसियों को भारी पुलिस बल ने हाथीबड़कला में रोक दिया. इस दौरान पुलिस और कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्का मुक्की हुई. कुछ कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और जमकर प्रदर्शन किया. वहीं, पुलिस ने करीब 500 कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया, फिर बसों में भरकर पुलिस लाइन छोड़ दिया.
कांग्रेस के लोक भवन घेराव में कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा भी शामिल हुईं. काफी देर तक हंगामा होने के बाद पुलिस ने कुमारी शैलजा, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत, चुनाव कैंपेन कमेटी के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला समेत कई कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया और पुलिस लाइन भेज दिया.
इससे पहले देहरादून के परेड़ ग्राउंड में तमाम कांग्रेसी जुटे. जिसके बाद जुलूस और रैली निकाल कर लोक भवन (राजभवन) कूच किया. जिसमें हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए, लेकिन पुलिस ने हाथीबड़कला के पास बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया. जिस पर कांग्रेसियों और पुलिसकर्मियों के बीच काफी गहमागहमी देखने को मिली.
हालांकि, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और उनके समर्थक पहला बैरिकेडिंग तोड़कर मुख्य बैरिकेड्स तक पहुंचने में सफल भी रहे, लेकिन वहां से आगे जाने नहीं दिया गया. जबकि, पहले से ही पार्टी के सभी बड़े नेता और विधायकगण सड़क पर लगाए गए मुख्य बैरिकेड के ऊपर चढ़कर प्रदर्शन करते रहे. इसके बाद मुख्य नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया.





