हल्द्वानी। वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद उत्तराखंड की ओर से शहर में पहली बार दो दिवसीय वरिष्ठ नागरिक सम्मान और खेल समारोह-2026 का आयोजन किया जाएगा। 30 अप्रैल को सीएम धामी हल्द्वानी के मेडिकल कालेज सभागार में प्रदेशभर के 15 वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान करेंगे। इसके साथ ही बुधवार से हल्द्वानी स्टेडियम में 60 प्लस आयु वर्ग के वरिष्ठ नागरिकों की फुटबाल, वालीबाल और बैडमिंटन स्पर्धा का आयोजन किया जाएगा।
मंगलवार को हल्द्वानी स्टेडियम में वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष नवीन वर्मा ने प्रेस वार्ता में कहा कि समारोह की शुरुआत 29 अप्रैल को हल्द्वानी स्टेडियम में खेल प्रतियोगिताओं आयोजित की जाएंगी। जिसमें विभिन्न आयु वर्ग के वरिष्ठ नागरिक इसमें हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम का उद्घाटन सांसद अजय भट्ट करेंगे। कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को सम्मान देने के साथ ही उन्हें सक्रिय और स्वस्थ जीवन के लिए प्रेरित करना है।
प्रतियोगिताओं में विजेताओं को पुरस्कृत भी किया जाएगा। मुख्य समारोह 30 अप्रैल को मेडिकल कालेज सभागार में आयोजित होगा। इसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होंगे और प्रदेश के चयनित 15 वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित करेंगे। साथ ही खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।कहा कि मेडिकल कालेज में स्वर संगम संगीत संस्थान की ओर से सांस्कृतिक व संगीत कार्यक्रम की प्रस्तुति दी जाएगी।
कार्यक्रम में सामाजिक सरोकारों से जुड़े कई विषयों पर भी चर्चा होगी। विशिष्ट अतिथियों में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, भुवन भाष्कर पांडे, लीलाधर पांडे व (रि.) कर्नल बीएस रौतेला रहेंगे। साथ ही कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद के अध्यक्ष राम चंद्र गौड़, हरक सिंह नेगी व शांति मेहरा रहेंगी।





