नैनीताल जिले में बाघ और तेंदुए के बढ़ते हमलों को लेकर क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। इसी को लेकर समाजसेवी विशाल वर्मा और पूर्व पार्षद प्रत्याशी अंजलि वर्मा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि वन्यजीव हमलों में जान गंवाने वाले पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाए और एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान की जाए, ताकि प्रभावित परिवारों को आर्थिक संबल मिल सके।
समाजसेवी विशाल वर्मा ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में नैनीताल जिले के रानीबाग, कटघरिया, भीमताल, ओखलकांडा और धारी क्षेत्रों में बाघ और तेंदुए के हमलों की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। उनके अनुसार पिछले 10 दिनों में पांच से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं।
पूर्व पार्षद प्रत्याशी अंजलि वर्मा ने कहा कि क्षेत्र में लगातार गुलदार और बाघ के दिखने से लोगों में भय का माहौल है, लेकिन प्रशासन और विभागीय अधिकारियों द्वारा केवल आश्वासन दिए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जमीनी स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है।
समाजसेवी विशाल वर्मा ने यह भी बताया कि 29 अप्रैल 2026 की रात रानीबाग क्षेत्र में एक घर के अंदर गुलदार देखे जाने की घटना सामने आई, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत और बढ़ गई है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि लापरवाह अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए और प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल पिंजरे लगाकर तेंदुए और बाघ को पकड़ने की प्रभावी व्यवस्था की जाए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में भय का माहौल है और शाम के बाद घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है।
फिलहाल लोगों ने सरकार से जल्द ठोस कदम उठाने की अपील की है, ताकि वन्यजीवों के हमलों पर रोक लगाई जा सके और जनजीवन सुरक्षित रह सके।





